पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या

  • लारेंस बिश्नोई ग्रुप के कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली, आधुनिक हथियारों से 40 गोलियां चला सात हमलावरों ने गायक को किया छलनी

मानसा

अपने गीतों के माध्यम से गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पंजाब में हड़कंप मच गया है। उन पर मानसा के जवाहरके गांव में अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की है। सिद्धू अपने दो साथियों के साथ अपनी थार कार में सवार थे। हमले में दोनों साथी भी घायल हैं। हमलावरों ने अत्याधुनिक हथियारों से करीब 40 गोलियां चलाईं। पंजाब के डीजीपी वीके भावरा ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लारेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली है। इसकी जिम्मेदारी लारेंस बिश्नोई ग्रुप के कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली है। मूसेवाला का मैनेजर शगनप्रीत का नाम शिअद नेता विक्की मिड्डूखेड़ा हत्याकांड में आया था।

भावरा ने कहा कि मूसेवाला जब अपने घर से निकले तब रास्ते में दो-दो गाड़ी आगे और पीछे से आईं और इनकी गाड़ी पर फायरिंग की और जब इनको अस्पताल ले जाया गया वहां उनको मृत घोषित किया गया। यह आपसी रंजिश का मामला लगता है। भावरा ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और मुख्यमंत्री के आदेश पर मेरी तरफ से आइजी रेंज को एसआइटी बनाने के लिए कह दिया गया है। मौके से बरामद कारतूस से लगता है कि तीन अलग-अलग हथियारों का इस्तेमाल हुआ है। आइजी रेंज के अलावा मानसा और बठिंडा के एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। वहीं दूसरी ओर आप विधायक सौरभ भारद्धाज ने कहा कि जब हत्या हुई वह बिना अपनी सुरक्षा के प्राइवेट गाड़ी में कहीं जा रहे थे। हम लोग जांच कर रहे हैं कि कहीं उनके साथी ही इस घटना में तो शामिल नहीं थे। क्योंकि सिर्फ उनको ही पता था कि सिद्धू मूसेवाला बिना सुरक्षा के हैं।

फरीदकोट के आईजी पीके यादव ने कहा कि हमलावर अपनी गाड़ी छोड़कर भागे हैं। हमें कुछ सुराग मिले हैं जिस पर हम तहकीकात कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि जल्द ही इसमें गिरफ़्तारियां कुछ मिलेंगी। हमने एसआईटी भी गठित की है। शहर व जिले की दोनों जेलों में हाई अलर्ट कर दिया गया है। सेंट्रल जेल में पहले ही अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया व कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बंद होने से अलर्ट चल रहा था, लेकिन मूसेवाला की हत्या के बाद गैंगस्टरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पंजाब पुलिस पर सवाल उठना तय
यह घटना मानसा जिले में हुई है। यहां पर अज्ञात हमलावरों ने महिंद्रा जीप चला रहे मूसेवाला पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल मूसेवाला को मानसा के अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें नहीं बचाया जा सका। उनकी हत्या से पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने तय हैं।
एक दिन पहले सरकार ने घटाई थी सुरक्षा
बता दें कि भगवंत मान की अगुवाई वाली आप सरकार ने शनिवार को ही सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी घटाई थी। मूसेवाला के पास पहले करीब 8 से 10 गनमैन थे। मान सरकार ने एक्शन लेते हुए उनके पास सिर्फ 2 ही गनमैन छोड़े थे। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के समय उनके साथ गनमैन थे कि नहीं। पंजाब सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला पर हमले के बाद मौके पर एकत्र भीड़। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गायक सिद्धू मूसेवाला हथियारों को बढ़ावा देने वाले गानों के कारण विवादों में रहे और केस भी दर्ज हुआ था। इसके बावजूद वह युवाओं में खासे लोकप्रिय थे। सिद्धू मूसेवाला के लाखों प्रशंसक हैं और यूट्यूब पर उनके कुछ वीडियो को एक दस करोड़ से ज्यादा लोगों ने पसंद किया है।

कांग्रेस की टिकट पर मानसा से लड़ा था विधानसभा चुनाव
सिद्धू मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में राजनीति में किस्मत आजमाने का फैसला किया था। उन्हें पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी में लेकर आए और मानसा से टिकट दी। हाालंकि चुनाव में वह आम आदमी पार्टी के डा. विजय सिंगला के हाथों हार गए। बाद में डा. विजय सिंगला स्वास्थ्य मंत्री बने लेकिन भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस ने मूसेवाला की मौत को पार्टी के लिए बड़ा धक्का बताया
सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर कांग्रेस ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पार्टी ने एक ट्वीट में कहा कि पंजाब से कांग्रेस प्रत्याशी रहे और प्रतिभाशाली गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से कांग्रेस पार्टी और पूरे देश को गहरा सदमा लगा है। हम उनके परिवार, प्रशंसकों और मित्रों के साथ गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *