हरियाणा कांग्रेस ने किया कांग्रेस सेवा दल की आजादी गौरव यात्रा का जोरदार स्वागत

 चण्डीगढ़।

पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश अध्यक्ष चौ. उदयभान, पूर्व मंत्री व पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय चेयरमैन कैप्टन अजय यादव ने आज कांग्रेस सेवा दल की आजादी गौरव यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर सभी नेताओं ने इस यात्रा की प्रासंगिकता पर विचार रखे और इसे बेहतरीन पहल करार दिया।

हुड्डा ने कहा कि आज और आने वाली पीढ़ियों को जानना चाहिए कि कितनी मुश्किलों और कुर्बानियों के बाद देश को आजादी मिली। आजादी की गौरव यात्रा के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई, आयोजक सुधीर चौधरी, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष पूनम चौहान समेत तमाम पदाधिकारियों और यात्रा में हिस्सा लेने वाले लोगों की सराहना की।

हुड्डा ने कहा कि उन्हें इस गौरव यात्रा का स्वागत करने में गर्व महसूस हो रहा है क्योंकि वो खुद एक स्वतंत्रता सेनानी परिवार से हैं। उनके दादा जी और पिता जी ने देश की आजादी के लिए अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया, आत्याचार सहे और वर्षों जेल काटी। हरियाणा के वीरों ने देश की आजादी के लिए अनेकों कुर्बानियां दीं। 1857 से ही हरियाणा में देश की आजादी के लिए संघर्ष शुरू हो गया था। शुरुआत में राजा नाहर सिंह, नवाब झज्जर और राव तुलाराम जी ने देश के लिए जान की कुर्बानी दी। उसके बाद से 1947 तक प्रदेश के हजारों लोगों ने आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश में ऐसी भी ताकतें हैं जो लोगों को जाति-धर्म के नाम पर आपस में लड़ाकर देश की आजादी को खतरे में डालना चाहती हैं। लेकिन देश को उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है। इसके लिए सभी जातियों और धर्म के लोगों को एकजुट होना होगा और महात्मा गांधी द्वारा दिए गए एकता के सिद्धांत को अपनाना होगा। एकता व समर्पण से ही देश मजबूत बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *